नेकां-कांग्रेस से गठबंधन को लेकर पीडीपी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने साफ संकेत दिये हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर मुद्दे का समाधान हमारा एजेंडा है। इसे स्वीकारें तो गठबंधन को समर्थन देंगे।
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा है कश्मीर मुद्दे का समाधान हमारी पार्टी का एजेंडा है। नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) और कांग्रेस इस एजेंडे को स्वीकार करेंगे तो हम उनके गठबंधन को पूरा समर्थन करेंगे। विधानसभा चुनाव में हर सीट उनके लिए छोड़ देंगे। हम उनके पीछे चलेंगे। लेकिन, भाजपा के साथ गठबंधन नहीं करेंगे।
विज्ञापन
महबूबा ने शनिवार को विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी करने के दौरान कहा, मेरे लिए कश्मीर समस्या का समाधान किसी भी अन्य चीज से अधिक महत्वपूर्ण है। नेकां-कांग्रेस ने चुनाव के लिए गठबंधन किया है।
दोनों पार्टियां सीटों के बंटवारे पर विचार-विमर्श कर रही हैं। कहा, चाहे मुझे तीन या चार सीटें दें, मेरे लिए इसका कोई मतलब नहीं है। हमने कांग्रेस या भाजपा के साथ गठबंधन किया तो यह हमारे एजेंडे में था। नेकां-कांग्रेस ने किसी एजेंडे पर गठबंधन नहीं किया है, बल्कि सीटों के बंटवारे को लेकर गठबंधन किया है। हम ऐसे गठबंधन की बात नहीं करेंगे जो केवल सीटों के बंटवारे पर केंद्रित हो।
विज्ञापन
एक सवाल पर कि क्या 2015 की तरह भाजपा के साथ चुनाव बाद गठबंधन हो सकता है, तो मुफ्ती ने कहा कि अब ऐसा कुछ नहीं है। हमने भाजपा सरकार से हाथ मिलाया था। पार्टी से नहीं। हमने शर्त रखी थी कि वे अनुच्छेद 370 को नहीं छुएंगे।