पीडीपी मुखिया महबूबा मुफ्ती ने परिसीमन को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन की कवायद क्षेत्रों, धर्मों और समुदायों को एक दूसरे के खिलाफ खड़ा करने और बांटने की भाजपा की बड़ी साजिश का हिस्सा है।
महबूबा ने कहा कि केंद्र जिस तेजी और हड़बड़ी के साथ परिसीमन की कवायद में जुटी है उसके पीछे के मकसद को लेकर गंभीर संदेह पैदा होते हैं। यह क्षेत्रों, धर्मों और समुदायों को एक दूसरे के खिलाफ खड़ा करने और विभाजित करने की भाजपा की बड़ी साजिश का हिस्सा है।
बता दें कि केंद्र सरकार ने पिछले साल छह मार्च को जम्मू-कश्मीर के लिए परिसीमन आयोग का गठन किया था। वहीं परिसीमन की प्रक्रिया के संदर्भ में सुझावों और विचारों के लिए आयोग की पहली बैठक गुरुवार को हुई थी। जिसमें केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, जम्मू से सांसद जुगल किशोर शर्मा ने हिस्सा लिया था। जबकि आयोग के तीन अन्य सदस्य बैठक में शामिल नहीं हुए थे। इनमें नेशनल कॉन्फ्रेंस(नेकां) के सांसद फारूक अब्दुल्ला, अकबर लोन और हसनैन मसूदी शामिल हैं।
यह भी पढ़ेंः श्रीनगर हमले की आतंकियों को चुकानी होगी बड़ी कीमत, बैठक में बनाई गई ये रणनीति
नेकां के सांसदों ने आयोग को सूचित किया था कि वो इस प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लेंगे। इसके पीछे उन्होंने जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्ज रद्द किए जाने का मामला उच्चतम न्यायालय में लंबित होने की वजह भी बताई थी।
यह भी पढ़ेंः कश्मीर से छपरा तक आतंक के तार, आतंकी अटैकर बाबा का एक साथी बिहार से गिरफ्तार