मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए झेलम नदी में अंतर्देशीय जल परिवहन शुरू करने और लोगों के लिए वैकल्पिक संपर्क मार्ग शुरू करने पर जोर दिया है। भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष नूतन गुहा बिस्वास के नेतृत्व में उनसे मिली टीम के साथ बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने यह बात कहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झेलम घाटी में जल परिवहन को बढ़ावा देने से आवागमन और नदी के माध्यम से माल ढुलाई हो सकेगी। जिसके लिए यह स्थान इतिहास में जाना जाता है। उन्होंने कहा, इस कार्य से पर्यटन को एक परिणामस्वरूप बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने नदी के जल परिवहन को शुरू करने के लिए पहले चरण के रूप में नदी के अनंतनाग-बारामूला खंड को जोड़ने की जरूरत दर्शाई।
मुख्यमंत्री ने इस जलमार्ग नेटवर्क के साथ प्रमुख सिंचाई नहरों की ड्रेजिंग को जोड़ने तथा भविष्य में बड़े पैमाने पर कार्गो आवाजाही के लिए इस नेटवर्क का उपयोग करने का भी विचार किया। मुख्यमंत्री ने सलात बांध, सिंध और चिनाब नदियों को अंतर्देशीय जल परिवहन के तहत कवर करने के लिए कहा। उन्होंने वुलर में पुराने नौ वहन चैनल को पुनर्जीवित करने के लिए भी कहा ताकि इस झील को जल परिवहन के लिए एक आकर्षण बनाने के लिए इस क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा दिया जाये।