बिश्नाह। भाजपा नेता और पूर्व विधायक अश्वनी शर्मा ने शनिवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें बिश्नाह की समस्याएं बताई और उनके जल्द समाधान कराने का अनुरोध किया। एलजी के साथ उनकी सकारात्मक चर्चा हुई और विशेष रूप से सामान्य और सीमा निवासियों में केंद्र शासित प्रदेश के लोगों के मुद्दों का हल करने का एलजी ने आश्वासन दिया।
अश्विनी शर्मा ने एलजी से सीमा पर बाड़ लगाने के दौरान किसानों की जमीन के भुगतान के मुद्दों पर ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होेंने कहा कि बॉर्डर के लोग बिना वर्दी के सिपाही हैं। सीमा पार से गोलाबारी के कारण उनका बहुत नुकसान हुआ है। इन किसानों ने देश और लोगों की रक्षा के लिए अपनी जमीन में बाड़ लगाने के लिए अपनी भूमि दी है, लेकिन उन्हें अभी तक उनका भुगतान नहीं किया गया है। रणबीर नहर और पानी के अन्य स्रोतों पर निर्भर लोगों की सिंचाई समस्या पर एलजी से ध्यान देने की मांग की। उन्होंने एलजी से जम्मू-कश्मीर के शिक्षित बेरोजगार युवाओं और विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं के लिए फास्ट ट्रैक भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया।