जम्मू। मंडलायुक्त जम्मू संजीव वर्मा ने वीरवार विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने प्रोजेक्ट इंजीनियर को परियोजना के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने मुख्य अभियंता आरटीआईसी जम्मू के साथ उज्ज मल्टीपर्पज परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने मुख्य अभियंता के साथ गेटेड बैराज के पार तवी नदी जम्मू की प्रगति की जानकारी ली। कहा कि संरचनात्मक और हाइड्रो मैकेनिकल डिजाइन को नवंबर के अंत तक अंतिम रूप दे दिया जाएगा। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (करली पावर स्टेशन हरिजन बस्ती) से जगती सिंहल लेहर से जोड़ने वाली पीएमजीएसवाई की सड़क की मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी जम्मू के साथ चर्चा की गई। बैठक में आयुक्त आबकारी विभाग जम्मू, उद्योग जम्मू निदेशक आदि मौजूद रहे।