अखनूर। आल जे एंड के अस्थायी जलशक्ति कर्मचारियों की एक बैठक सोमवार को हुई। इसकी अध्यक्षता अखनूर डिवीजन अध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने की। उन्होंने हर विभाग के अस्थायी कर्मचारियों और सभी संगठनों से अपील की कि सभी एक मंच पर आने की कोशिश करें। ताकि सरकार हमारे पक्ष को देखे और स्थायी करने की ओर ध्यान दे।
प्रदीप शर्मा ने निवेदन किया कि हम सभी अस्थायी कर्मचारियों को नियमित किया जाए। हमें प्रदर्शन करने पर मजबूर न करें। दो साल पहले जब प्रदेश से 370 हटा तो अस्थायी कर्मचारियों को उम्मीद जगी कि अब केंद्र शासित प्रदेश में हमें स्थायी किया जाएगा, लेकिन हमें निराशा ही हाथ लगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग तो इस विभाग की सेवा करते करते इस दुनिया से चले भी गए और कुछ भुखमरी के शिकार हैं। उनके बच्चे रोटी के लिए भी तरस रहे हैं। प्रदीप शर्मा ने सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द सभी को स्थायी किया जाए, ताकि सभी चैन की जिंदगी जी सकें। बैठक में कृष्ण सतपाल, वोपिंदर सिंह, राज कुमार, बलवंत सिंह, कस्तूरी लाल, राजेंद्र सिंह, सोनू सिंह, दलजीत सिंह, राजिंदर वर्मा, सुभाष चंद्र, राकेश शर्मा, पवन कुमार, पूरन चंद और अर्जुन चौधरी आदि शामिल थे।