यूपीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार मीरा कुमार अपने समर्थन में वोट मांगने के लिए रविवार को श्रीनगर पहुंचेंगी। यहां शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में वह कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस के विधायकों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर के अनुसार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव अंबिका सोनी, नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष एवं सांसद डा. फारूक अब्दुल्ला की मौजूदगी में कांग्रेस और नेकां विधायकों से मिलने के अलावा पत्रकार वार्ता भी करेंगी। कांग्रेस और नेकां ने अपने सभी विधायकों से श्रीनगर में मौजूद रहने को कहा है।
रियासत में कांग्रेस के 12 विधायक और एक राज्यसभा सदस्य है। नेशनल कांफ्रेंस के 15 विधायक और एक लोकसभा सांसद है। जम्मू कश्मीर राज्य से एनडीए उम्मीदवार रामनाथ कोविंद को भाजपा समेत राज्य गठबंधन सरकार में सहयोगी पीडीपी समर्थन का एलान कर चुकी हैं। यूपीए उम्मीदवार मीरा कुमार को कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस का समर्थन मिलना तय है।