रियासत पर फिर इंद्रदेव मेहरबान होंगे। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार 12 से 14 नवंबर को जम्मू और कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। मौसम का मिजाज 10 नवंबर से ही बिगड़ जाएगा।
मौसम बिगड़ने से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग, श्रीनगर-लेह हाईवे, मुगल रोड सहित अन्य कई संपर्क मार्गों पर मार पड़ सकती है। मुगल रोड पर अभी भी यातायात बहाल नहीं हो पाया है।
मौसम विभाग श्रीनगर के निदेशक सोनम लोटस के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के चलते आगामी दिनों में राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने की आशंका है। इसका कश्मीर में अधिक असर दिखेगा।
हाल ही में हुई बेमौसम बर्फबारी से अभी भी कई रास्ते बंद हैं। श्रीनगर से कारगिल संपर्क मार्ग वीरवार को आठवें दिन भी बंद रहा। अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार को इस राजमार्ग को खोला दिया जाएगा।
इस मार्ग पर 11 फीट तक बर्फ गिरी है। पिछले एक सप्ताह से बीकन विभाग की ओर से राजमार्ग को खोलने के लिए काम किया जा रहा है। इसमें बर्फ काटने वाली अत्याधुनिक मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस सड़क के बंद होने से कारगिल और श्रीनगर में कई यात्री फंसे हुए हैं।