रियासत में अगले पांच दिनों तक सामान्य से भारी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग की मानें तो 18, 19 और बीस फरवरी को भारी बारिश होगी। कश्मीर के गुलमर्ग में गत रात डेढ़ इंच तक हिमपात होने से मौसम का मिजाज बिगड़ गया है।
आने वाले दिनों में यहां भारी बर्फबारी के आसार हैं। मौसम बिगड़ने से जम्मू श्रीनगर हाइँवे पर यातायात एक बार फिर प्रभावित हो सकता है। वीरवार को भी जम्मू से श्रीनगर के लिए एकतरफा ही वाहनों को जाने की अनुमति दी गई।
जम्मू में वीरवार को दिन भर कभी धूप और कभी बादलों का सिलसिला चलता रहा। अगले 24 घंटों में कश्मीर घाटी के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी, जबकि जम्मू में भी कई इलाकों में बारिश हो सकती है।
कारगिल न्यूनतम तापमान माइनस 7.5 डिग्री सेल्सियस के साथ रियासत का सबसे ठंडा इलाका रहा। इसके बाद लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 3.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।
जम्मू में हालांकि तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। यहां पर अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। अगले 24 घंटों में लेह में बर्फबारी, श्रीनगर में बारिश या बर्फबारी और जम्मू में बादल छाए रहने की भविष्यवाणी मौसम विभाग की ओर से की गई है।