रियासती सरकार ने प्रशासन के हित में तीन आईएएस और छह निजी सचिवों के तबादले व नियुक्ति का आदेश बुधवार को जारी किया। सामान्य प्रशासनिक विभाग में नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे आईएएस अधिकारी सिमरनदीप सिंह को सरिता चौहान के स्थान पर सर्विसेस सिलेक्शन बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। सरिता को जेएंडके स्पेशल ट्रिब्यूनल की चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है।
आईएएस सुषमा चौहान को अरुण कुमार शर्मा के स्थान पर शहरी स्थानीय निकाय का निदेशक नियुक्त किया गया है। अरुण शर्मा को नियुक्ति के लिए सामान्य प्रशासनिक विभाग में प्रतीक्षा करने को कहा गया है। वहीं श्रम और रोजगार विभाग के सचिव के निजी सचिव के तौर पर कार्यरत तारिक अहमद वंत का तबादला कर उन्हें तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव का निजी सचिव नियुक्त किया गया है। कंवल कृष्ण गंजू को श्रम एवं रोजगार विभाग में सचिव का निजी सचिव नियुक्त किया गया है।
तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव के निजी सचिव रक्षपाल सिंह का तबादला कर उन्हें ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के सचिव का निजी सचिव नियुक्त किया गया है। श्रीनगर मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल के निजी सचिव मोहम्मद अल्ताफ जुल्ला का तबादला कर उन्हें राज्य सूचना आयोग में निजी सचिव नियुक्त किया गया है। सूचना आयोग में निजी सचिव फयाज अहमद खान को विद्युत विकास विभाग कश्मीर के चीफ इंजीनियर का निजी सचिव नियुक्त किया गया है।
बागवानी निदेशक (योजना और मार्केटिंग) के निजी सचिव अब्दुल हमीद डार का तबादला कर उन्हें गर्वनमेंट मेडिकल कालेज श्रीनगर के प्रिंसिपल का निजी सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं श्रीनगर विकास प्राधिकरण के डायरेक्टर लैंड मैनेजमेंट डा. अब्दुल सलाम मीर का तबादला कर उन्हें कश्मीर के मंडलायुक्त कार्यालय में अतिरिक्त आयुक्त नियुक्त किया गया है।