आरएस पुर में आयोजित श्री हनुमान साप्ताहिक सत्संग में उमड़ रही संगत
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए श्री हनुमान युवा संगठन समिति की ओर से कराए जा रहे श्री हनुमान साप्ताहिक सत्संग एवं 11 कुंडीय महायज्ञ के पांचवें दिन वीरवार को एसबी फार्म में बीरम शाही गद्दी के महंत सूर्यदेव सिंह ने संगत को अमृत रूपी वचनों से निहाल किया। सुबह महायज्ञ में बैठे भक्तजनों ने मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां डाल पूजा-अर्चना की।
अमित पंडित अगस्त्य ने कहा कि संकटमोचन हनुमान चालीसा के सवा लाख पाठ पूर्ण होने के उपरांत दशमांश हवन सर्व रोग निवारण, सर्व मनोरथ प्राप्ति के लिए किया जा रहा है। 22 अप्रैल को भगवान परशुराम के प्रकट दिवस को हर्षोल्लास से मनाया जाएगा व भंडारा होगा। दोपहर को कार्यक्रम में स्वामी रमेश्वरनंद, महंत दत्त गिरि, स्वामी निर्मल स्वरूप सहित अन्य संतों ने आध्यात्मिक सत्संग में भगवान की लीलाओं का वर्णन कर संगत को मंत्रमुग्ध किया।
पूर्व मंत्री व भाजपा के उपाध्यक्ष चौधरी श्याम लाल ने कार्यक्रम में पहुंच आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक कार्यक्रमों से आपसी भाईचारा मजबूत होता है। वहीं, श्री हनुमान जी की कृपा सदैव बनी रहती हैं। इस दौरान नगरपालिका चेयरमैन सतपाल पप्पी, पार्षद किशोर शर्मा, धर्म प्रचारक सेवानिवृत्ति कैप्टन कुंदन लाल शर्मा, आदि मौजूद थे।