जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल ने हादसों को रोकने के लिए सभी कदम उठाने को कहा है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के लिहाज से संवेदनशील इलाकों में ट्रॉमा सेंटर विकसित किए जाएं।
उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रदेश में बढ़ते सड़क हादसे और उसमें हो रही लोगों की मौत पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को अगले तीन माह में सड़कों से ब्लैक स्पॉट दूर करने का निर्देश दिया है। बुधवार को नागरिक सचिवालय में उप-राज्यपाल की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा को लेकर बैठक में एलजी ने निर्देश जारी किए।
विज्ञापन
इस दौरान उपराज्यपाल ने संबंधित अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनने वाले कारकों की पहचान करने के साथ सुरक्षा कानून सही भावना से लागू करने, प्रतिक्रिया प्रणाली में सुधार और सड़क सुरक्षा पर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सड़क हादसों के संभावित क्षेत्रों में ट्रॉमा सेंटर विकसित करने पर ध्यान दिया जाए। बैठक में परिवहन विभाग के आयुक्त सचिव हिरदेश कुमार ने सड़क सुरक्षा को लेकर सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी।
विज्ञापन
इस दौरान बैठक में अमृत योजना के तहत श्रीनगर और जम्मू शहरों के लिए इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम विकसित करने के लिए स्थापित तंत्र के बारे में जानकारी दी। उप-राज्यपाल ने परिहवन विभाग को अत्यधिक दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में निरीक्षण और प्रमाणन और लाइसेंसिंग के एकीकृत केंद्र स्थापित करने के लिए एक प्रस्ताव तैयार करने को कहा।