जम्मू संसदीय सीट के लिए 26 उम्मीदवारों ने नामांकन भरा है। कइयों ने दो से तीन फार्म भरे हैं जिससे आवेदनों की संख्या 37 है। इन उम्मीदवारों में 11 निर्दलीय हैं। अब छह अप्रैल को नामांकन की जांच और आठ को नाम वापसी होगी। इस सीट पर 26 अप्रैल को मतदान होना है।
जिला निर्वाचन अधिकारी जम्मू के कार्यालय में आए नामांकनों में निर्दलीय में प्रिंसिपल सीडी शर्मा, अतुल रैना, डॉ. प्रिंस रैना और सुरेंद्र सिंह ने दो-दो फार्म भरे हैं, जबकि रवींद्र सिंह, सतीश पुंछी, राज कुमार, शब्बीर अहमद, परसीन सिंह और बंसीलाल ने एक फार्म भरा है। भाजपा की ओर से जुगल किशोर ने नामांकन किया है।
इसी तरह इंडियन नेशनल कांग्रेस की ओर से इंदिरा भल्ला, रमण भल्ला, जय प्रकाश जनता दल से नरेश कुमार तल्ला ने दो फार्म, जम्मू कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी से नरेश कुमार चिब, गरीब डेमोक्रेटिक पार्टी से विक्की कुमार डोगरा, हिंदोस्तान शक्ति सेना से गणेश चौधरी ने दो फार्म, आल इंडिया फारवर्ड ब्लाक से कारी जहीर अब्बास भट्टी, जम्मू-कश्मीर पीपुल कान्फ्रेंस से रूप कृष्ण धर और रतन लाल ने दो-दो फार्म भरे हैं। एकम सनातन भारत दल से अंकुर शर्मा ने दो फार्म, नेशनल अवामी यूनाइटेड पार्टी से शिखा बंद्राल, जम्मू कश्मीर नेशनलिस्ट पीपुल फ्रंट से स्वामी दिव्य नंद और बहुजन समाज पार्टी से चरणजीत चरगोत्रा और जगदीश राज ने नामांकन के लिए आवेदन किया है।
6 अप्रैल को नामांकन की जांच और 8 अप्रैल को नाम वापसी की तिथि रखी गई है। इस सीट पर 26 अप्रैल को मतदान होगा। परिसीमन के बाद, जम्मू संसदीय क्षेत्र में 18 विधानसभा क्षेत्र शामिल हो गए हैं। बिश्नाह (एससी), सुचेतगढ़ (एससी), आरएस पुरा-जम्मू दक्षिण, बाहु, जम्मू पूर्व, नगरोटा, जम्मू पश्चिम, जम्मू उत्तर, मढ़ (एससी), अखनूर (एससी) और जम्मू जिले का छंब, गुलाबगढ़ (एसटी) रियासी, रियासी और रियासी की श्री माता वैष्णो देवी, रामगढ़ ( एससी), सांबा और विजयपुर और राजोरी के कालाकोट-सुंदरबनी में कुल 17.66 लाख मतदाता हैं।