जम्मू। एतिहासिक रघुनाथ बाजार में लोहड़ी पर्व पर लोहड़ी उत्सव की धूम रही। कलाकारों ने वाद्य यंत्रों से राहगीरों और यात्रियों का मनोरंजन किया। कोविड प्रोटोकाल के तहत तय दूरी पर सीमित स्टेजों के पास सीमित लोगों को खड़े होने की अनुमति दी गई। इस दौरान रघुनाथ मंदिर चौक पर संध्या पर लोहड़ी जलाई गई, जिसमें बाजार एसोसिएशन के अलावा चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू के पदाधिकारियों, मेयर चंद्र मोहन गुप्ता ने अर्घ्य दिया।
चैंबर अध्यक्ष अरुण गुप्ता के नेतृत्व में अन्य पदाधिकारी लोहड़ी उत्सव में शामिल हुए। इस दौरान वाद्य यंत्र स्टेज के अलावा कई फूड स्टाल लगाए गए थे। पारंपरिक स्टापू की चित्रकारी से भी परंपरा को दर्शाया गया। उत्सव में टांगे की सवारी आकर्षण का केंद्र रही। यह निशुल्क टांगा अपनी सवारी लेकर रघुनाथ बाजार मंदिर चौक से कनक मंडी, राजेंद्र बाजार, रेजीडेंसी रोड से होकर वापस टांगा मंदिर चौक पर पहुंच रहा था। टांगा पर डोगरी गीत कनक मंडी का टांगा चलिया, सुनाया जा रहा था। इसके अलावा अन्य पुराने डोगरी गीत सुनाए गए, जिन्होंने पुरानी यादों को ताजा किया। रघुनाथ बाजार एसोसिएशन के प्रधान संजय गुप्ता ने बताया कि लोहड़ी उत्सव में दुकानदारों के अलावा अन्य लोग शामिल हुए हैं। लेकिन इस बार कोविड के कारण व्यापक स्तर पर समारोह नहीं किया जा सका है।