रियासी। लॉकडाउन के लगभग पचास दिनों के बाद नगर तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही जिला के अन्य हिस्सों में मौजूद रेडिमेड, कपड़ा और जूतों की दुकानें खोली गईं। मंगलवार को सुबह दस बजे जैसे ही दुकानों खुलीं वैसे ही बाजारों में भीड़ लगना शुरू हो गई। इस दौरान प्रशासनिक आदेशों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं।
कुछ दुकानों पर दुकानदारों ने अपने कर्मी तो बाहर खड़े किए थे, लेकिन इसके बावजूद लोगों ने सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया। एसएचओ विजय ठाकुर ने टीम सहित मौके पर पहुंच कर स्थिति को संभाला और एक-दो दुकानदारों को चेतावनी भी दी गई। इसके बाद दुकानदारों ने ग्राहकों को बाहर निकाल दिया।