आईबी तथा एलओसी पर 20125 कम्युनिटी बंकर बनाए जाएंगे। इस पर 1006.25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। राज्य सरकार की ओर से यह प्रस्ताव केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजा गया है। यह जानकारी विधानसभा में गृह मंत्री ने जावेद अहमद राना के एक प्रश्न के लिखित जवाब में दिया।
गृह मंत्री ने सदन को बताया कि कम्युनिटी बंकर के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से तीन करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। इससे 60 बंकर बनाए जाएंगे। प्रत्येक बंकर पर पांच लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
एक अन्य प्रश्न के जवाब में मंत्री ने बताया कि 15 अगस्त को बालाकोट सेक्टर में हुई फायरिंग में छह नागरिकों की मौत हुई थी और पांच घायल हुए थे। मारे गए लोगों के परिवार वालों के बीच छह लाख रुपये की सहायता राशि बांट दी गई है। इसके साथ ही घायलों के परिवारों को भी सहायता दी जा रही है।
उधर, शून्य काल में विधायक सतपाल शर्मा ने भी इस मुद्दे पर कहा कि पाक फायरिंग में मरने वाले लोगों के परिवार वाले को एक लाख की बजाय पांच लाख रुपये मुआवजा दिया जाना चाहिए। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त घर के लिए भी पांच लाख दिया जाना चाहिए।