बिजली कड़कने के साथ बादलों की गर्जना सुनकर श्रीनगर शहर के लोगों में जान बचाने के लिए अफरातफरी मच गई। घरों से निकलकर लोग सुरक्षित जगह तलाशने लगे। घटना के आधा घंटे के बाद ही शहर समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश शुरू हो गई, जो देर रात तक जारी थी। फिलहाल, किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
घटना शाम करीब साढ़े सात बजे की है। अचानक से बिजली कड़की और बादलों में जोर की गड़गड़ाहट हुई। इससे जमीन और मकान भी हिल उठे। बादलों की गर्जना सुन दहशतजदा लोग इधर-उधर भागने लगे।
चारों ओर हाहाकार मच गई। जिसको देखो वह भाग रहा था। सभी परेशान हुए कि आखिर ये आसमानी आफत है क्या। इसके पहले लोग कुछ समझ पाते तभी एक बार फिर से बिजली चमकी और जोर की गड़गड़ाहट हुई। इसके चलते लाल चौक के आसपास के कई घरों में टेलीविजन और कंप्यूटर खराब हो गए। पीसीआर की हेल्पलाइन भी प्रभावित हुई है।