उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के चौकीबल में 18 घंटे से अधिक समय तक चली भीषण मुठभेड़ में सुरक्षा बलों द्वारा पांच आतंकियों को ढेर कर दिया गया। मारे गए सभी आतंकी पाकिस्तानी थे और वे आतंकी संगठन लश्कर-ए-तइबा से संबंधित थे।
इस बात की पुष्टि जम्मू कश्मीर पुलिस द्वारा की गई है। पुलिस के नार्थ जोन के डीआईजी गरीब दास ने ‘अमर उजाला’ से बात करते हुए बताया कि मारे गए आतंकी लश्कर के थे और वे पाकिस्तानी थे।
उन्होंने यह भी बताया कि मारे गए आतंकियों से पांच एके-47 राइफल्स समेत अन्य हथियार और गोला बारूद भी बरामद हुआ है।
यह पूछे जाने पर कि क्या आतंकियों के शव स्थानीय औकाफ को सौंपे जाएंगे। इस पर डीआईजी गरीब दास ने कहा कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मारे गए आतंकियों को चौकीबल में दफनाया गया है।
उधर आतंकी संगठन लश्कर ने मारे गए आतंकियों को श्रद्धांजलि दी। लश्कर के चीफ महमूद शाह ने एक स्थानीय न्यूज एजेंसी को दिए बयान में कहा कि ऐसी जंग तब तक जारी रहेगी, जब तक वह आजादी नहीं हासिल कर लेते।