मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में सुरक्षा बलों को लश्कर के दो आतंकी ठिकाने ध्वस्त करने में सफलता हाथ लगी है। इस दौरान भारी मात्रा में हथियार तथा गोला-बारूद बरामद किया गया। हालांकि ठिकाने से कोई भी आतंकी पकड़ा नहीं जा सका।आतंकी ठिकाने की सूचना पर सुरक्षाबलों ने जिले के नाजवान जंगल में सर्च आपरेशन चलाया।
इस दौरान दो आतंकी ठिकाने खोज निकालने में सफलता मिली। यहां भारी मात्रा में हथियार तथा गोला-बारूद छिपाकर रखा गया था। इस दौरान एक यूबीजीएल थ्रोअर, 19 यूबीजीएल शेल, तीन चीनी हैंड ग्रेनेड, एक वायरलेस सेट, एक 51 एमएम मोर्टार शेल, एक एके-47 राइफल मैग्जीन तथा अन्य सामान बरामद किया गया।
ठिकाने से कंबल तथा खाने-पीने की सामग्री भी बरामद हुई है। इससे यह पता लगता है कि आतंकी इस ठिकाने का इस्तेमाल करते रहे हैं। सुरक्षा बलों के अनुसार आतंकी ठिकाने के ध्वस्त होने से आतंकियों के नापाक मंसूबों पर पानी फिर गया है। आतंकियों का पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों में सर्च आपरेशन चलाया गया है।