पल्स पोलियो अभियान के पहले दिन रविवार को रियासत में 84.33 फीसदी बच्चों को कवर करने का दावा किया गया है। इसमें कश्मीर डिवीजन में 940918 बच्चों के साथ 88.42 प्रतिशत और जम्मू डिवीजन में 715011 बच्चों के साथ 79.50 प्रतिशत बच्चे कवर किए गए।
सबसे ज्यादा लेह में 97.53 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। लेह में पोलियो खुराक पीने में बच्चों का प्रतिश्ात सबसे अधिक रहा। इस अभियान के तहत कश्मीर में 1064169 और जम्मू डिवीजन में 899406 बच्चों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है।
पहले दिन राज्य में कुल 1655929 बच्चों के साथ ओवरआल 84.33 बच्चे कवर कर लिए गए। सोमवार से अगले दो दिन डोर टू डोर अभियान चलाकर बचे हुए बच्चों को कवर किया जाएगा। अभियान में विस्थापित आबादी वाले क्षेत्रों पर ज्यादा ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
अभियान में 11115 बूथों पर 44460 वर्करों की सेवाएं ली जा रही हैं। बस स्टैंड, एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर ट्रांजिट और मोबाइल टीमें काम कर रही हैं।
राज्य में सुबह नौ बजे गांधीनगर अस्पताल से स्वास्थ्य सचिव डा. एमके भंडारी और जिला उपायुक्त कश्मीर फारूक अहमद ने पीएचसी बटमालू जोन से अभियान को शुरू कराया। इस दौरान स्वास्थ्य निदेशक जम्मू डा. बलजीत सिंह पठानिया, निदेशक डा. बलदेव राज शर्मा, निदेशक डा. मोहन सिंह आदि मौजूद रहे।