रामबन के मेहाड़ व कैफेटेरिया मोड़ में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के मरम्मत कार्य के दौरान पहाड़ से पस्सी गिरने के कारण शनिवार को हाईवे 10 घंटे तक बंद रहा। इस दौरान उधमपुर व रामबन में वाहनों को रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों को बहुत परेशानी हुई।
जब दोपहर एक बजे राजमार्ग खुला तो जाम लग गया। फिर रात तक वाहन रेंग रेंग कर चलते रहे। उधमपुर में रोके ट्रकों को शाम तक घाटी जाने की अनुमति नहीं मिली। सरकार के निर्देश पर कुछ दिनों से रामबन के मेहाड़ व कैफेटेरिया मोड़ इलाके में तड़के तीन बजे से सात बजे तक हाईवे की मरम्मत की जा रही है।
शनिवार को भी मरम्मत कार्य चालू था। इसी दौरान मेहाड़ इलाके में पहाड़ की कटाई के दौरान मलबा हाईवे पर गिरा, जिससे मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। जानकारी मिलने पर उधमपुर से भी वाहनों के घाटी की तरफ जाने पर रोक लगा दी गई। इसके बाद उधमपुर और रामबन में वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गईं।
हाईवे पर तैनात पुलिस उधमपुर के जखैनी चौक पर वाहनों को रोक रही थी। यहां से सिर्फ उन लोगों को ही पूछताछ करने के बाद आगे जाने की अनुमति मिल रही थी, जो पटनीटॉप, डोडा, भद्रवाह, किश्तवाड़ जा रहे थे। फिर दोपहर करीब एक बजे हाईवे से मलबा हटा और मार्ग खोला गया।
पुलिस ने सबसे पहले बीच में फंसे वाहनों को दोनों तरफ रवाना किया। लेकिन, एक साथ ज्यादा वाहन चलने से हाईवे पर जाम लग गया। यह जाम देर शाम तक लगा रहा, और हाईवे पर वाहन रेंग रेंग कर चलते रहे। वहीं, उधमपुर में रोके गए छोटे वाहनों को दोपहर तीन बजे के बाद घाटी की तरफ जाने की अनुमति दे दी गई थी। हालांकि, ट्रकों के पहिये अपनी जगह पर ही जमे थे।