श्रीनगर। बारामुला जिले में सेना ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में फंसे पांच परिवारों के 43 सदस्यों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया। साथ ही सेना ने इन परिवारों को मुफ्त राशन और अन्य सामग्री भी उपलब्ध करवाई ताकि वह गुजर बसर कर सकें।
जानकारी के अनुसार बारामुला जिला के उपलोना में स्थित राष्ट्रीय राइफल की 52वीं बटालियन को शनिवार देर रात सूचना मिली कि लतीफाबाद गांव के गुज्जर मोह में भूस्खलन के कारण तीन मकान और एक गौशाला क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे वहां कई लोग फंस गए हैं। सूचना मिलते ही सेना ने चांदोसा पुलिस थाने के एसएचओ के साथ मिलकर बचाव अभियान चलाया। इस दौरान पांच परिवारों के 43 सदस्यों को भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र से सुरक्षित निकाल कर दूसरे स्थान पर लाया गया और राशन आदि मुहैया करवाया। यहां उन्हें अन्य लोगों के साथ ठहराया गया है। रविवार को प्रभावित परिवारों के आग्रह पर उपलोना सैन्य शिविर की ओर से उन्हें टैंट सहित अन्य राहत सामग्री भी मुहैया करवाई गई। ग्रामीणों ने सहायता के लिए और उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए सेना का आभार व्यक्त किया है।