स्वास्थ्य मंत्री सकीना इत्तू ने रविवार को विधायक राजपोरा गुलाम मोहिउद्दीन मीर के साथ पुलवामा जिला अस्पताल का औचक दौरा किया।
मंत्री ने अस्पताल के कैजुअल्टी ब्लॉक, ओपीडी ब्लॉक का निरीक्षण किया और मरीजों से बातचीत की। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों में कर्मचारियों की कमी है। इस सरकार के गठन के बाद से अब तक हम 500 डॉक्टरों की नियुक्ति कर चुके हैं। घाटी में स्वास्थ्य ढांचे को अभी और मजबूत करने की जरूरत है।
सरकार जल्द ही बड़ा कदम उठाने जा रही है, जिसमें पिछले तीन वर्षों से तैनात नहीं हुए डॉक्टरों काे तैनात किया जाएगा। लोग अस्पताल इसलिए आते हैं क्योंकि उन्हें उम्मीद होती है कि उनकी जान बचेगी, लेकिन यहां अस्पताल की स्थिति देखकर लगता नहीं कि लोग यहां जांच करवाना पसंद करेंगे। मुझे यह देखकर आश्चर्य हुआ कि वर्तमान में केवल 3-4 डॉक्टर ही मौजूद हैं। अगर किसी मरीज को ऑपरेशन की जरूरत पड़े तो क्या होगा। बहुत जल्द और डॉक्टरों की भर्ती की जाएगी ताकि हमारे स्वास्थ्य संस्थान जनता को बेहतर सुविधाएं प्रदान कर सकें।