श्रीनगर। नागरिकों की सुविधा के लिए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय श्रीनगर ने दूर-दराज के इलाके कुपवाड़ा में पहली बार मोबाइल पासपोर्ट वैन तैनात करने का फैसला किया है।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी बीएस रावत ने सोमवार को बताया कि विदेश मंत्रालय की पासपोर्ट सेवा परियोजना के तहत यह वैन 27 और 28 नवंबर को दो दिन कुपवाड़ा में रहेगी। यह पहल खास तौर पर उन इलाकों के लोगों के लिए शुरू की गई है जो श्रीनगर तक आने-जाने में असमर्थ हैं। मोबाइल वैन उपायुक्त कार्यालय परिसर कुपवाड़ा में सुबह से शाम तक तैनात रहेगी। सेवा लेने के लिए आवेदकों को https://www.passportindia.gov.in पर ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करना अनिवार्य है। अपॉइंटमेंट बुक करते समय पासपोर्ट वैन विकल्प चुनें और 27 या 28 नवंबर की तारीख व समय स्लॉट चुनें। निर्धारित तारीख और समय पर उपायुक्त कार्यालय परिसर कुपवाड़ा पहुंचें। मौके पर किसी सहायता के लिए मोबाइल वैन की टीम से संपर्क करें। संवाद