गृह राज्य मंत्री सज्जाद अहमद किचलू ने कहा कि मढवा (किश्तवाड़) और जिले के अन्य दूरवर्ती क्षेत्रों में चिकित्सा ढांचे को मजबूत बनाने के लिए सरकार ने बीस करोड़ रुपया मंजूर किया है।
शनिवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्यमंत्री ने लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए डाक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की हाजिरी सुनिश्चित बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने उपायुक्त को निर्देश दिए कि चिकित्सा केंद्रों की नियमित जांच करके हाजिरी रजिस्टर चेक किए जाएं। डाक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ के साथ सभी जरूरी उपकरणों की उपलब्धता रहे, जिससे छोटी सी बीमारी के लिए लोगों को शहरी अस्पतालों का रुख न करना पड़े।
उन्होंने विधानसभा फंड से जिला अस्पताल किश्तवाड़ के साथ मढवा, पाडर, दच्छन और वाडवान में लोगों को आपात चिकित्सा सेवाओं में दवाइयां उपलब्ध करवाने के लिए दस लाख रुपया देने की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि सरकार ने जिले के अप्पन, सुखनई, चिचा, जनकपुर, दंगदोरू, बंदरना, कवर, बाथन, चिचा नागसेनी, किजेई, गुलाबगढ़, पपली, लोसनी इलाकों में बीस नए प्राथमिक चिकित्सा केंद्र खोलने की मंजूरी दी है। इसके अलावा डूल और पलमार के पीएचसी को अपग्रेड किया जाएगा।
इसी तरह जिला अस्पताल किश्तवाड़ में सौ बेड की अतिरिक्त व्यवस्था करके स्वतंत्र नेत्र ब्लाक पर शीघ्र काम किया जाएगा। इस दौरान राज्यमंत्री ने सीएचसी मढ़वा के लिए एंबुलेंस लोगों को समर्पित की।