लद्दाख के लिए इस विशेष दिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलो इंडिया शीतकालीन खेल 2024 के आयोजकों के लिए एक विशेष संदेश भेजा। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने बताया कि खेलो इंडिया भारत को एक दूसरे के करीब ला रहा है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख विश्व स्तर पर शीतकालीन खेल स्थलों के रूप में स्थापित करेंगे।उन्होंने कहा, 'हमने अभी-अभी तमिलनाडु में बेहद सफल खेलो इंडिया यूथ गेम्स का समापन देखा। दक्षिणी से उत्तरी छोर तक खेलो इंडिया की यात्रा और भावना निरंतर जारी है। पीएम मोदी ने कहा, खेलो इंडिया विंटर गेम्स इस भावना का प्रतीक है, जिसका लक्ष्य चैंपियनों को तैयार करना और जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के क्षेत्रों को विश्व स्तर पर प्रमुख शीतकालीन खेल स्थलों के रूप में स्थापित करना है।
लद्दाख में खेलो इंडिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इस चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में खिलाड़ियों को बड़ा बढ़ावा देगा। यह केंद्र तीन खेलों - एथलेटिक्स, तीरंदाजी और मुक्केबाजी की सेवा प्रदान करेगा। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय के लद्दाख में प्रतिभाओं को तलाशने के फैसले को खूब सराहा गया।
लद्दाख के एथलीट्स को सर्वश्रेष्ठ विशेषज्ञों से सीखने का मिलेगा अवसर
लद्दाख के उपराज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि इस समझौते से क्षेत्र के खिलाड़ियों को सही सुविधाएं प्राप्त करने और उनके मानकों में सुधार करने में मदद मिलेगी। हम हमेशा चाहते हैं कि हमारे एथलीट सर्वश्रेष्ठ विशेषज्ञों से सीखें और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचें। यह निश्चित रूप से लद्दाख के खेलों के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
शुक्रवार को सर्द मौसम के बावजूद एनडीएस स्टेडियम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। उन्होंने पारंपरिक लोक नृत्य और स्पार्धाओं का आनंद लिया। लोकप्रिय स्थानीय बैंड डैशुग्स के संगीत पर खूब तालियां बजी।
लद्दाख और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के बीच खेले गए प्रदर्शनी आइस-हॉकी मैच ने धमाल मचाया। मैच 0-0 पर ख़त्म हुआ। देश के अलग-अलग हिस्सों से आई युवतियों की टीम द्वारा रोमांचक 500 मीटर शॉर्ट-ट्रैक आइस स्केटिंग पर मजेदार रही।
18 फरवरी को खिलाड़ी पहुंचेंगे गुलमर्ग
जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल की सचिव नुजहत गुल ने बताया कि गुलमर्ग में 21 फरवरी से 26 फरवरी तक खेल स्पर्धाओं का आयोजन होगा। देश के विभिन्न हिस्सों से खिलाड़ी 18 फरवरी से यहां पहुंच जाएंगे।
दो महीने के शुष्क मौसम से खेलों को रद्द करने के बन गए थे आसार
गुलमर्ग सहित जम्मू कश्मीर में दो महीने तक लंबे समय तक शुष्क मौसम के चलते पहले शीतकालीन खेलों पर रद्द होने के आसार बन गए थे। इसके लिए केंद्र सरकार को पत्र भी लिखा गया था। हालांकि 26 जनवरी के बाद से प्रदेश में मौसम ने करवट बदली। गुलमर्ग और प्रदेश के बाकी हिस्सों में बर्फबारी और मैदानी हिस्सों में बारिश हुई। इससे खेलों को पुनर्निर्धारित किया गया।
गुलमर्ग में विंटर गेम्स के सफल आयोजन सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। गुलमर्ग विकास प्राधिकरण (जीडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की अध्यक्षता में गुलमर्ग क्लब में एक महत्वपूर्ण बैठक की गई है।
बैठक कार्यक्रम के एजेंडे की रूपरेखा बताते हुए एक संक्षिप्त परिचय के साथ शुरू हुई। सभा में गुलमर्ग के विभिन्न होटलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे, जिन्होंने आगामी खेलों के लिए आवास व्यवस्था पर व्यापक चर्चा सुनिश्चित की। सभी होटल व्यवसायियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पर्याप्त आवास उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई।
गौरतलब है कि खेलो इंडिया नेशनल विंटर गेम्स 2020 का पहला संस्करण 7 से 11 मार्च, 2020 तक गुलमर्ग में आयोजित किया गया, जिसमें देश भर से 1000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया था।
खेलो इंडिया का दूसरा संस्करण वर्ष 2021 में आयोजित किया गया, जबकि वर्ष 2022 में, देश भर में कोविड मामलों में वृद्धि के बीच तीसरे संस्करण को स्थगित कर दिया गया। बाद में, गुलमर्ग में खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों का तीसरा संस्करण 2023 में आयोजित किया गया जिसमें खिलाड़ियों, पर्यटकों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित 2000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।