कटड़ा रेलवे स्टेशन मां वैष्णो के भवन की तरह भव्य नजर आएगा। कटड़ा स्टेशन पर बढ़ती यात्रियों की संख्या को देखते हुए रेलवे स्टेशन ने योजना तैयार कर ली है। जम्मू रेलवे स्टेशन के बाद अब कटड़ा स्टेशन का पुनर्विकास होगा। इससे यात्री सुविधा बढ़ेगी। निर्माण कार्य 2024 से शुरू होने की संभावना है।
कटड़ा रेलवे स्टेशन का विकास पूरी तरह हवाई अड्डे की तर्ज पर किया जाएगा। स्टेशन को न सिर्फ दिखने में भव्य बनाया जाएगा, बल्कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं भी दी जाएंगी। रेल मंत्रालय ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इस योजना को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए जल्द ही सलाहकार नियुक्त किया जाएगा। इसकी मदद से स्टेशन के पुनर्विकास के लिए डीपीआर तैयार की जाएगी।
उत्तर रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रेल मंत्रालय ने कटड़ा रेलवे का पुनर्विकास करने का फैसला लिया है। इसके लिए तैयारी चल रही है। सब कुछ ठीक रहा तो 2024 से निर्माण कार्य शुरू हो सकता है। स्टेशन के पुनर्विकास की योजना अभी शुरुआती दौर में है। स्टेशन धार्मिक पर्यटन के केंद्र के रूप में तैयार किया जाएगा।
अधिकारी ने कहा कि देश भर से लाखों की संख्या में कटड़ा आने वाले मां के भक्तों को रेलवे उच्च श्रेणी की सुविधा देने पर काम कर रहा है। वर्तमान में स्टेशन पर तीन प्लेटफार्म हैं, जिन्हें बढ़ाकर पांच तक किया जाएगा। स्टेशन की मौजूदा इमारत का कायाकल्प किया जाएगा। स्टेशन पर रेस्टोरेंट, शाॅपिग मॉल, रेस्ट हाउस के साथ प्लेटफार्म पर ही मां का प्रसाद, दान काउंटर की सुविधा और स्थानीय खाद्य पदार्थो के उत्पाद के स्टाल भी लगाए जाएंगे।
रेलवे ने कटड़ा रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का फैसला लिया है। इस पर कितना पैसा खर्च होगा, किन सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा और क्या नया होगा। यह अभी योजना का हिस्सा है। इसके लिए सलाहकार की नियुक्ति के बाद डीपीआर तैयार की जाएगी।
-उचित सिंघल, डीटीएम जम्मू रेलवे स्टेशन।