कठुआ की तहसील हीरानगर के सैडा सोहल गांव में हुए आतंकी हमले में एक दहशतर्द मारा गया है। दूसरे दिन बुधवार को, एक बार फिर मुठभेड़ शुरू हुई है। ड्रोन से आतंकी की तलाश की जा रही है। इसी बीच खबर आ रही है कि रात में मौके पर पहुंचे डीआईजी और एसएसपी की गाड़ी पर भी आतंकियों ने गोलियां बरसाईं। हालांकि इस हमले में दोनों अधिकारी किसी तरह जान बचाने में सफल रहे।
इससे पहले मंगलवार रात कठुआ की तहसील हीरानगर की गांव सैडा सोहल में आतंकी एक घर में घुसे। आतंकियों की फायरिंग में एक व्यक्ति घायल हो गया। उधर, परिवार वालों ने सुरक्षा बलों को सूचना दी। आतंकियों की पुलिस से हुई मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी आतंकी मार गिराया गया।
सीआरपीएफ जवान हुआ बलिदान
अन्य आतंकियों की तलाश में ऑपरेशन शुरू हुआ। मौके पर पुलिस, सेना, एसओजी, सीआरपीएफ की टीमें पहुंच गई। इलाके की घेराबंदी कर ली गई। अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अलसुबह करीब तीन बजे यहां आतंकियों के साथ मुठभेड़ में एक सीआरपीएफ का जवान घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए हीरानगर उपजिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जवान कबीर दास को बचाया नहीं जा सका।