रसाना कांड में शिकायतकर्ता पीड़िता के पिता ने अपने अधिवक्ता दीपिका सिंह रजावत को हटाने के लिए बुधवार को सेशन जज पठानकोट की अदालत में आवेदन दिया। साथ ही उनसे पावर ऑफ अटार्नी भी वापस ले लिया है।
आवेदन में तौसीफ ने कहा है कि अभियोजन की कार्यवाही एसएस बासरा, जगदीश कुमार चोपड़ा की ओर से की जा रही है जिनका सहयोग केके पुरी, हरभजन सिंह, मुबीन फारूकी व अन्य वकील कर रहे हैं। इस केस की प्रगति से वे संतुष्ट हैं।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर पिछले पांच महीने से रोजाना मामले की सुनवाई हो रही है, लेकिन दीपिका अब तक केवल दो या तीन बार ही उपस्थित हुई हैं। उन्होंने पठानकोट आने पर जान को खतरा बताया है। उनके बयान तथा केस में गैर उपस्थिति के कारण वे उन्हें जारी पावर ऑफ अटार्नी वापस लेते हैं। अब से वह उनकी वकील नहीं होंगी।