पीओके भाग रहा कश्मीरी युवक बॉर्डर से गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सोमवार को देर रात जिले में भारत-पाक नियंत्रण रेखा पर तैनात सेना ने नियंत्रण रेखा के पास से एक कश्मीरी युवक को दबोचा है। आरोप है कि वह पीओके भागने के प्रयास में था। युवक को मंगलवार की सुबह पुंछ पुलिस के हवाले कर दिया गया। उसकी पहचान मोहम्मद रफीक डार (27) पु़त्र अब्दुल रहमान डार निवासी बांदीपोरा के रूप में हुई है।
एसएसपी राजीव पांडे ने बताया कि सोमवार देर रात को जिले के गुलपुर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर तैनात सेना के जवानों ने एक युवक को जाते हुए देखा। जवानों ने उसे आवाज दी लेकिन वह नहीं रुका और पीओके की तरफ भागने लगा। इस पर जवानों ने उसे दौड़ कर पकड़ लिया। वह कश्मीर के बांदीपोरा का रहने वाला है।
सेना ने युवक को मंगलवार की पुलिस के हवाले कर दिया। उसके खिलाफ पुंछ थाने में एफआईआर नंबर-158/2018 दर्ज कर अवैध रूप से पीओके भागने के आरोप में 2/3ईमको एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है और उससे आगे पूछताछ जारी है। पकड़े गए युवक के पास से एक राजनीतिक दल की तरफ से जारी पहचान पत्र, पासपोर्ट और काठमांडू, नेपाल की एक बस की टिकट और अन्य कुछ दस्तावेज मिले हैं। एसएसपी ने बताया कि उसके पास से कोई अवैध दस्तावेज नहीं मिले हैं, लेकिन हम इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि वह पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज के साथ पीओके क्यों जाने का प्रयास कर रहा था।