तवी नदी से सटे सर्कुलर रोड पर सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि पहाड़ी के एक बड़े हिस्से के सड़क पर आ जाने से बड़ा हादसा टल गया। भूस्खलन से दिनभर बाईपास हाईवे को जोड़ने वाले सर्कुलर रोड पर यातायात ठप रहा। यह सड़क पंजतीर्थी और गुज्जर नगर को शहर से जोड़ती है। देर शाम तक सड़क से मलबा हटाने का काम जारी था। भूस्खलन की चपेट में कई बिजली के खंभों के आ जाने से क्षेत्र में दिनभर बिजली ठप रही। इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
भूस्खलन से सड़क के नीचे एक कंकरीट ढांचे को नुकसान पहुंचा है। जिस जगह भूस्खलन हुआ है उसके निचले हिस्से में एक मंदिर स्थापित है। सर्कुलर रोड यातायात के लिहाज से काफी व्यस्त रहता है। घाटी के लिए जाने वाले अधिकांश वाहन शहर के बीच से इसी बाईपास रोड से होकर निकलते हैं। इसके अलावा कई प्रमुख स्कूलों की बसें इसी रोड से निकलती हैं।
सोमवार को तहसील कार्यालय से सर्कुलर रोड पर पहुंचे सैकड़ों वाहनों को लंबे रास्ते से अपने गंतव्यों तक पहुंचना पड़ा। मुबारक मंडी के निचली तरफ स्थापित सर्कुलर रोड पर पहले भी कई बार भूस्खलन हो चुका है। हर साल बरसात के दौरान पहाड़ी से मलबा नीचे गिर रहा है। इस बीच भूस्खलन से डोडा-ठाठरी सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। मंगलवार दोपहर बाद हल्के वाहनों को ही छोड़ा गया। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार बुधवार को राज्य के तीनों क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा।