छंब विधानसभा क्षेत्र की पंचायत मट्टू का टियुबवैल का अदर में अटका काम।( संवाद)
ज्यौड़ियां। छंब विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत चल रही परियोजनाएं ठेकेदारों को भुगतान न मिलने के कारण ठप पड़ी हैं। आंकड़ाें के अनुसार छंब क्षेत्र में कुल 30 परियोजनाएं स्वीकृत थीं जिनमें से अब तक सिर्फ पांच से छह प्रोजेक्ट ही पूरे हो पाए हैं।
सैकड़ों पंचायतों में ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल की सुविधा नहीं मिल पा रही है। कई स्थानों पर पाइपलाइन बिछाकर घरों में नल कनेक्शन भी दे दिए हैं परंतु पानी न आने से लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा। लोगों का कहना है कि सरकार ने हमें नल तो दे दिए लेकिन जल नहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हर घर नल से जल का सपना ग्रामीणों के लिए अब भी अधूरा है। एक अधिकारी ने बताया कि यह हम भी मानते हैं कि भुगतान में विलंब से कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही ठेकेदारों के बिल जारी कर प्रोजेक्टों को फिर शुरू कराया जाएगा।
इस बारे में बॉर्डर एक्शन कमेटी छंब ज्यौड़ियां के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, समाजसेवी विजय कुमार और तिलक राज ने बताया कि सरकार की तरफ से जारी इस जल जीवन मिशन योजना ने क्षेत्र के हर गांव मोहल्ले की गलियों का सत्यानाश कर दिया है। घरों में जल पहुंचाने के लिए ठेकेदारों की तरफ से पाइपलाइन को बिछाने के लिए उखाड़ी गई गलियों की हालत भी बिगाड़ कर रख दी है। गलियों में चलना तक मुश्किल हो रहा है। लोगों को आश्वासन दिया गया था कि उखाड़ी गई सभी गलियों का भी नए सिरे से निर्माण किया जाएगा। संवाद