जम्मू। जेकेआरटीसी के कर्मचारियों को बकाया वेतन देने के लिए सरकार ने जेकेआरटीसी के लिए 7.5 करोड़ रुपये की बजटीय सपोर्ट राशि जारी की है। इससे कर्मियों की आर्थिक समस्या दूर हो जाएगी और उन्हें नियमित रूप से वेतन मिलेगा।
पांच महीने से कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला था। इसको लेकर कर्मचारियों ने हड़ताल का रुख अपनाया था। कर्मचारियों और परिवहन आयुक्त के बीच सोमवार को नागरिक सचिवालय में बैठक हुई, जिसमें सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए 7.5 करोड़ रुपये जारी किए हैं। कोरोना काल के बाद से जेकेआरटीसी कर्मचारी वेतन विसंगति से जूझ रहे थे। जेकेआरटीसी प्रबंधन कर्मचारियों को वेतन न देने के पीछे राजस्व की कमी का हवाला देता था। सरकार की ओर से बजटीय सपोर्ट न मिलने से कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पा रहा था। इसको लेकर प्रबंधक ने सरकार को पत्र भी लिखा था। परिवहन आयुक्त की ओर से जारी आदेश में जेकेआरटीसी कर्मचारियों को वेतन भुगतान के लिए 7.5 करोड़ रुपये जारी करने के साथ कॉरपोरेशन से कोविड-19 के दौरान मिले राजस्व की रिपोर्ट भी मांगी है।