केंद्रीय जांच ब्यूरो(सीबीआई) ने गुरुवार को पूर्व मंत्री लाल सिंह की पत्नी कांता अंदोत्रा और तत्कालीन मढ़ीन तहसीलदार के खिलाफ जमीन पर अवैध कब्जा करने के मामले में आरोप पत्र दायर किया। कांता अंदोत्रा आरबी एजूकेशनल ट्रस्ट की प्रमुख हैं। सीबीआई ने इस मामले में सितंबर 2020 में जम्मू और कठुआ में स्थित 10 ठिकानों पर छापा मारा था। इसमें चल और अचल संपत्ति के कई दस्तावेज बरामद किए गए। सीबीआई ने इससे पूर्व जून महीने में सरकारी और वन भूमि पर अतिक्रमण संबंधी प्रारंभिक जांच (पीई) दर्ज की थी। सीबीआई प्रवक्ता आरसी जोशी ने कहा कि राजस्व और वन अधिकारियों की मिलीभगत से कार्रवाई।
जांच के दौरान यह पाया गया कि उक्त शैक्षिक ट्रस्ट की तत्कालीन अध्यक्ष ने कथित तौर पर तत्कालीन पटवारी के साथ साजिश रची। लाभार्थी ट्रस्ट के पास जेके कृषि सुधार अधिनियम के तहत निर्धारित सीमा का घोर उल्लंघन करते हुए भूमि के बड़े हिस्से पर कब्जा है।
यह भी पढ़ें-
सिहर उठा जम्मू-कश्मीर: डोडा की सड़क पर खूनी खेल ने सबको झकझोर दिया, 12 लोगों की मौत और 14 घायल
यह हैं आरोप
ट्रस्ट ने सरकारी अमले से मिलीभगत कर चरागाह भूमि को बगीचा दर्शाकर ट्रस्ट के नाम 100 कनाल से ज्यादा भूमि कर दी। एग्रेरियन रिफॉर्म्स एक्ट में 100 स्टैंडर्ड कनाल से ज्यादा भूमि किसी के नाम नहीं हो सकती। अधिकारियों ने हाईप्रोफाइल परिवार से जुड़े ट्रस्ट को 32 कनाल ज्यादा भूमि दे दी। यही नहीं, 316 कनाल 17 मरला भूमि की गलत गणना करते हुए अधिकतम सीमा को लांघा गया।