जम्मू-कश्मीर में जेके वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उद्योग व वाणिज्य विभाग के आयुक्त सचिव मनोज कुमार द्विवेदी ने मंगलवार को उद्योग भवन में एक्सप्लोर, इन्वेस्ट, ग्रो टैगलाइन के साथ पहले जेके वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन का लोगो जारी किया।
उन्होंने सम्मेलन के लोगो और टैगलाइन के बारे में बताते हुए कहा कि लोगो में जम्मू-कश्मीर के विनिर्माण और सेवा क्षेत्रों के साथ-साथ जनशक्ति कौशल, कृषि और बागवानी क्षमता का मिश्रण है। वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन जम्मू-कश्मीर में पहली बार आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित आयोजनों में से एक है, जिसमें दुनिया भर के नीति निर्माता, विकास एजेंसियां और निवेशक शामिल होंगे।
इस क्षेत्र में अपने कारोबार का पता लगाने और उसका विस्तार करने के लिए निवेशकों, बहुराष्ट्रीय कंपनियों, कारपोरेट हाउस से मिलने और बातचीत करने का अवसर मिलेगा। लोगो और टैगलाइन को नागरिक नियुक्ति पोर्टल पर एक प्रतियोगिता के माध्यम से चुना गया है, जिसमें लोगो और टैगलाइन की 1000 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हुईं थी।
जेके वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन अप्रैल 2020 में कराया जाना प्रस्तावित है। इसमें कृषि, बागवानी, खाद्य प्रसंस्करण, फिल्म उद्योग, पर्यटन, हस्तशिल्प, स्वास्थ्य सेवा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निवेश पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर के दस जिलों के जिला उपायुक्तों को भूमि बैंक के लिए जगह की तलाश करने को कहा गया है।