सूत्रों के अनुसार अंतराष्ट्रीय सीमा से घुसपैठ की बात सामने आ रही है। बीएसएफ सिरे से ही अंतराष्ट्रीय सीमा से होने वाली घुसपैठ को नकारती रही है। न ही तारबंदी को नुकसान हुआ है और न ही कोई और जरिया सामने आया है, जिससे आतंकियों ने घुसपैठ की हो। ऐसे में यदि तारबंदी नहीं कटी तो सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह और भी गंभीर मामला हो सकता है।
जिस तरह से ट्रक चालक रूटीन में आतंकियों को कश्मीर तक सुरक्षित पहुंचाने का काम करता रहा है उससे साफ है कि आतंकी किसी सेफ रूट का इस्तेमाल कर रहे थे। ऐसे में अंतराष्ट्रीय सीमा पर सुरंग की संभावना को शून्य करना भी जरूरी है। सोमवार को भी अंतराष्ट्रीय सीमा से सटे इलाकों में इसी वजह से सर्च आपरेशन चलाए जाने की सूचना है।
आंतकी घुसपैठ को लेकर इनपुट जारी होने के बाद जिला पुलिस सेना के साथ मिलकर अंतराष्ट्रीय सीमा के सभी इलाकों को खंगालने में जुटी है। झज्जर कोटली मामले के बाद से पुलिस ने समीक्षा कर सुरक्षा घेरे को और भी मजूबत किया है। सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक जिलाभर में हाइवे से लेकर बार्डर से सटे इलाकों में कड़ी नाकेबंदी भी रही।