जम्मू यूनिवर्सिटी और मान्यता प्राप्त कालेजों में पी जी कोर्स में दाखिला देने के लिए विवि प्रशासन जम्मू यूनिवर्सिटी एंट्रेंस परीक्षा को करवाने की तैयारी कर रहा है। इसके साथ ही विवि प्रशासन की ओर से पी जी के सामान्य कोर्स के अलावा इस बार प्रोफेशनल कोर्स को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
नये सत्र के दौरान विवि प्रशासन की ओर से दो नए डिप्लोमा कोर्स को शुरू किया जा रहा है जिसे करने से विद्यार्थियों को अपना उज्जवल भविष्य बनाने के लिए अकाउंट और शेयर मार्केट में अपना कैरियर बना सकेंगे। विवि प्रशासन की ओर से नेशनल स्टाक एक्सचेंज प्रोग्राम के साथ मिलकर दो पोस्ट ग्रेजूएट डिप्लोमा कोर्स करवाने का प्रावधान बना रहा है।
नेशनल स्टाक एक्सचेंज प्रोग्राम के साथ मिलकर करवाये जा रहे दो कोर्स बैंकिंग एंड रिस्क मैनेजमेंट और अकाउंटिंग एंड फाइनेंस शामिल हैं। जेयू के डीन फैकल्टी ऐजूकेशन एवं ऐजूकेशन विभाग के एचओडी प्रो. मुबारक सिंह ने बताया कि विवि के उपकुलपति और सभी स्टाफ सदस्यों के साथ बैठक के दौरान इन दो कोर्स को नये सत्र के दौरान करवाने के लिए बात कही गई है।
उन्होंने कहा कि अन्य कोर्स के साथ यह दोनों प्रोफेशनल कोर्स हैं जिसे करने से विद्यार्थी शेयर मार्केट और अकाउंट फील्ड में अपना बेहतर कैरियर बना सकते हैं। उन्होंने बताया कि इन दोनों कोर्स में बीस बीस सीट होंगी जिसमें विद्यार्थियों को बैंकिंग और अकाउंट के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी के साथ ट्रेनिंग भी दी जाएगी।