झिड़ी मेला : फ्लाईओवर के निर्माण के चलते यातायात विभाग ने जारी की एडवाइजरी
श्रद्धालुओं से झिड़ी जाने के लिए रिंग रोड का इस्तेमाल करने की अपील
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। झिड़ी मेले से पहले यातायात को लेकर एक बड़ा कदम उठाया गया है। 12 नवंबर से 15 दिन तक कनाल रोड से वाया भगवती नगर चौथे पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इन वाहनों में ट्रक, डंपर व बसें आदि शामिल हैं।
वहीं, कैनाल रोड से भगवती नगर तक सिंगल लेन में कम वजनी वाहन और दो पहिया वाहनों को जाने की ही अनुमति होगी। चौथे पुल से कनाल रोड तक वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। कनाल रोड से भगवती नगर चौथे पुल तक बनने वाले फ्लाईओवर को लेकर यातायात विभाग की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है।
बता दें कि 14 नवंबर से झिड़ी मेला शुरू होगा। अधिकतर लोग भगवती नगर चौथे पुल से कनाल रोड और यहां से अखनूर रोड लेकर झिड़ी जाते हैं। लेकिन, इस बार उन्हें भी रिंग रोड का इस्तेमाल करना पड़ेगा।
कठुआ-सांबा की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए निर्देश
कठुआ और सांबा से अखनूर की तरफ जाने वाले भारी वजन वाहनों को रिंग रोड का इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है। आते वक्त भी यहीं रूट चालक इस्तेमाल करेंगे। यातायात पुलिस ने ये भी सलाह दी है कि सिंगल लेन का उपयोग लोग कम ही करें, क्योंकि इसकी वजह से जाम की स्थिति होगी और इससे बचने के लिए लोगों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना चाहिए।