सांसदों के आवासों पर बधाई का तांता, समर्थकों ने जश्न मनाया
भाजपा हाईकमान की ओर से शनिवार को प्रत्याशियों की पहली सूची में सांसद जुगल किशोर शर्मा और डॉ. जितेंद्र सिंह का नाम घोषित होने के बाद दोनों सांसदों के आवासों पर रिश्तेदारों और समर्थकों का बधाई देने का तांता लगा रहा।
कई समर्थकों ने सांसदों के आवासों के बाहर भाजपा का ध्वज और तिरंगे हाथ में लेकर जश्न मनाया। समर्थकों ने कहा कि दोनों सांसदों के नेतृत्व में जम्मू और उधमपुर में विकास को गति मिली है। कई बड़ी परियोजनाएं धरातल पर उतरी हैं। हमें उम्मीद है कि अगले पांच वर्षों में दोनों ही संसदीय क्षेत्र विकास में और आगे बढ़ेंगे। रविवार को पार्टी मुख्यालय में दोनों प्रत्याशियों के समर्थन में जश्न मनाने की तैयारी है।