होली पर रियासत में मौसम के बदले मिजाज से हालात बिगड़ गए हैं। जम्मू और कश्मीर डिवीजन के अधिकांश पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश से पारा गिर गया है। खराब मौसम से चौथे दिन भी जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग को खोलने में सफलता नहीं मिल पाई।
उधमपुर के खैरी क्षेत्र में वीरवार दोपहर एकतरफा छोटे वाहनों को छोड़ा गया। लेकिन खैरी और रामबन में भारी बारिश से दोबारा राजमार्ग पर पस्सियां आ जाने से कुछ घंटे बाद ही हाईवे बंद कर दिया गया।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर सैकड़ों वाहन फंस गए हैं। कटड़ा-सांझीछत हेलीकाप्टर सेवा दिनभर बंद रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों में अधिकांश इलाकों में बर्फबारी और बारिश होगी।
उधमपुर से पांच किमी. आगे खैरी इलाके में वीरवार दोपहर 12 बजे राजमार्ग से पस्सियां हटाकर जम्मू से 1845 छोटे वाहनों को श्रीनगर के लिए छोड़ा गया। लेकिन शाम छह बजे दोबारा खैरी में बड़ी पस्सी के राजमार्ग पर आ जाने से हाईवे बंद कर दिया गया। इस बीच खैरी से छोड़े सैकड़ों वाहन रामबन से पीछे फंस गए हैं।
बनिहाल, पत्नीटाप, नत्थाटाप में बर्फबारी
इससे पूर्व बीती देर रात रास्ते से बड़ी पस्सियों को हटाने के लिए ब्लास्ट किए गए। रामबन-बनिहाल के बीच भारी बारिश से मगरकोट, नाशरी, गांगरू, पंथियाल में पस्सियां दोबारा राजमार्ग पर आ गई हैं। रास्ते में फंसे हजारों मुसाफिरों के लिए बिगड़ा मौसम कई मुसीबतें लेकर आया है।
ट्रैफिक कंट्रोल रूम के अनुसार हाईवे पर कई जगह लगातार पस्सियां गिरने से मुश्किल आ रही है। जिला कठुआ के बनी और बिलावर के पर्वतीय क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई है। इससे प्रभावित क्षेत्रों में बिजली-पानी की सप्लाई ठप पड़ गई है।
जम्मू संभाग के पत्नीटाप और नत्थाटाप में हल्की बर्फबारी जारी है। गुलमर्ग में 17, बनिहाल में तीन सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी हुई। भद्रवाह और पहलगाम में मिक्सड बर्फबारी/बारिश हुई है। बटोत में सबसे ज्यादा 20.2, बनिहाल में 19.7, जम्मू में 6.7, कटड़ा में 7.4 मिलीमीटर बारिश हुई है।
स्थान न्यूनतम तापमान
कारगिल माइनस 8.4
गुलमर्ग माइनस 6.6
लेह माइनस 4.4
पहलगाम माइनस 1.4