क्वालिफायर मुकाबले में आंध्रप्रदेश को पांच विकेट से हराया, रुबिया ने खेली 51 रन की पारी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। तीन साल बाद जम्मू-कश्मीर महिला टीम ने सीनियर वुमन वनडे ट्राफी के नाॅकआउट दौर में प्रवेश किया है। इससे पहले 2021 में प्लेड ग्रुप से टीम नॉकआउट में पहुंची थी।
आंध्र प्रदेश के खिलाफ क्वालिफायर मुकाबले में रुबिया सैयद की 51 रन की पारी और बिस्माह हसन के पांच विकेट की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने एक ओवर रहते पांच विकेट से जीत हासिल कर इतिहास रचा है।
कोलकाता के 22 यार्ड साल्ट लेक में खेले गए मुकाबले में जम्मू-कश्मीर के लिए बिस्माह हसन और रुबिया सैयद के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन व अन्य बल्लेबाजों के योगदान से जम्मू-कश्तीर ये जीत हासिल की। जम्मू-कश्मीर को जीत के लिए 225 रन का लक्ष्य मिला था, जिसमें 48.5 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।
शीर्ष क्रम के सभी बल्लेबाजों के अच्छे योगदान के बावजूद एक समय जम्मू-कश्मीर को अंतिम 12.4 ओवरों में कठिन चुनौती मिली। टीम को 76 गेंदों में 78 रन चाहिए थे और पांच विकेट शेष थे। रुबिया सैयद और बिस्माह हसन ने कठिन समय में धैर्य बनाए रखा और 78 रनों की नाबाद साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई।
बल्ले से शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए रुबिया ने 43 गेंदों पर 51 रन बनाए, जिसमें दो चौके और चार छक्के शामिल थे। बिस्मा ने 34 रन की जारी खेली। चित्रा जम्वाल ने 31, कप्तान जासिया अख्तर ने 31 और भवनदीप कौर ने 24 रन की पारी खेली।
आंध्र प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में नौ विकेट 225 रन बनाए थे। हेनरीटा ने 147 गेंदों पर 15 चौकों की मदद से 116 रन बनाए। गेंदबाजी में जम्मू-कश्मीर के लिए बिस्माह हसन ने पांच और चित्रा सिंह जम्वाल ने तीन विकेट लिए।