कटड़ा के श्री माता वैष्णो देवी स्टेशन पर नया प्लेटफॉर्म तैयार, यहीं से प्रधानमंत्री ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी
जम्मू। श्री माता वैष्णो देवी रेलवे स्टेशन कटड़ा में नया प्लेटफॉर्म बनकर तैयार हो गया है। अब यह प्लेटफॉर्म नंबर एक होगा। यहीं से श्रीनगर के लिए वंदेभारत ट्रेन चलेगी।
प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में यात्रियों को दिक्कत न हो, इसके लिए एस्केलेटर लगाए गए हैं। कटड़ा रेलवे स्टेशन पर देश भर से ट्रेनें आती हैं। कश्मीर के लिए ट्रेन सेवा शुरू होने से यहां यात्रियों और ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी।
कश्मीर के लिए सीधी ट्रेन के बजाय कटड़ा से यात्रियों को ट्रेन बदलनी होगी, इसलिए भीड़ प्रबंधन व यात्रियों की सुविधा के लिए नए प्लेटफॉर्म की जरूरत थी। इसके तैयार होने से स्टेशन पर अब पांच प्लेटफॉर्म हो गए हैं। नए प्लेटफॉर्म पर यात्री सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया है। पीने के पानी, फूड स्टाल व दूसरे प्लेटफॉर्म तक जाने के लिए फुटओवर ब्रिज और रैंप की सुविधा दी गई है।
जम्मू रेलवे स्टेशन के डिविजनल ट्रैफिक मैनेजर अशोक सिंह सलारिया ने कहा कि कटड़ा रेलवे स्टेशन पर नया प्लेटफॉर्म बनकर तैयार हो गया है। अब यहां प्लेटफॉर्म की संख्या पांच हो गई है। इसी प्लेटफॉर्म से श्रीनगर जाने वाली ट्रेनें भी चलेंगी। यात्रियों को नए प्लेटफॉर्म पर हर सुविधा मिलेगी।