जम्मू। जिले में वाहन मालिकों को अब उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट (एचएसआरपी) लगवाने के लिए एक सप्ताह तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अब तीन दिन में ही पंजीकरण प्लेट लग जाएगी। वाहन मालिकों को सुविधा के लिए परिवहन विभाग ने यह फैसला लिया है।
परिवहन विभाग ने सभी प्रकार के वाहनों पर उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट अनिवार्य कर दी है। बिना एचएसआरपी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। परिवहन विभाग ने इसके लिए 15 मई तक का समय दिया था। बावजूद इसके बड़ी संख्या में वाहन चालक बिना एचएसआरपी के सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इनमें ज्यादातर 15 से 20 साल पुराने वाहन हैं। विभाग के अधिकारियों के अनुसार यातायात पुलिस के साथ मिलकर सभी एसआरटीओ नियमित रूप से वाहनों की जांच कर रहे हैं। ऐसे में वाहन मालिक अपने वाहनों पर एचएसआरपी लगवाएं, जो सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।
---
जम्मू जिले में उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट तीन दिन में लग रही है। अन्य जिलों में जम्मू से उनकी दूरी के हिसाब से समय लग रहा है। इसमें अधिकतम समय एक सप्ताह का रखा गया है। सभी निजी व व्यावसायिक वाहनों के लिए इसे अनिवार्य किया है।
घनश्याम सिंह, आरटीओ, जम्मू