जम्मू। जानीपुर और नरवाल ग्रिड स्टेशन में बिजली के मरम्मत कार्य के चलते रविवार सुबह पांच बजे से शाम चार बजे तक पूरे जम्मू शहर में बिजली आपूर्ति बंद रही। बत्ती गुल और दिन भर मौसम खराब रहने से लोगों को ठंड के बीच दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। बिजली के साथ पानी की समस्या भी बनी रही। दिन भर नलों में पेयजल आपूर्ति नहीं की गई, जिससे रोजमर्रा के काम प्रभावित हुए। 10 घंटे बिना लाइट के हीटर, ब्लोअर आदि नहीं चलने से लोगों को ठंड से बचने के लिए आग का सहारा लेना पड़ा। दिन भर लोग घरों में दुबके रहे और दुकानदारों ने अलाव सेंककर समय व्यतीत किया।
सुबह से ही लोग बार-बार बिजली निगम से बिजली बहाली के लिए संपर्क करते रहे। हालांकि कारपोरेशन ने पहले ही बिजली बंद रखने की एडवाइजरी जारी की हुई थी। सुबह के वक्त मौसम खराब होने के कारण ठिठुरन ज्यादा थी। ऐसे में लोगों को रोजमर्रा के काम निपटाने में परेशानी हुई। सुबह पानी की आपूर्ति भी नहीं हो पाई। दिनभर लोग बिजली बहाली का इंतजार करते रहे। शाम चार बजे के करीब बिजली बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
शाम पांच बजे के बाद ही पानी की आपूर्ति हो पाई।
-----
इन दिनों जानीपुर, नरवाल समेत अन्य ग्रिड स्टेशनों में मरम्मत कार्य चल रहा है। इस कारण बिजली कटौती की जा रही है। रविवार चार बजे तक बिजली बहाल कर दी गई है। बिजली दुरुस्ती के लिए उपभोक्ता कारपोरेशन का सहयोग करें।
- राजेंद्र गुप्ता, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम, जम्मू