बिजली बिल चार-चार माह से नहीं मिलने से जिलाभर में 9 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। एक साथ बिल आने से अदा करना मुश्किल होगा। उपभोक्ता अब हर माह कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं और बिलों के बारे में जानकारी एकत्रित कर रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि बिल हर माह आना चाहिए मगर ऐसा नहीं हो रहा है। बिल चार-चार माह से नहीं आए हैं। हर माह बिल आने से अदा करने में सुविधा होगी। एक साथ चार माह का बिल अदा करना मुश्किल हो जाएगा।
वहीं, कारपोरेशन के अनुसार तकनीकी कारणों के कारण रिकाॅर्ड अपलोड नहीं हो पाया है। रिकाॅर्ड को अपलोड किया जा रहा है। औपचारिकता पूरी होने के बाद बिल रूटीन में उपभोक्ताओं को मिलेेंगे। वहीं, कारपोरेशन ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिल जब भी जनरेट होगा। एक साथ ही उसे अदा करना होगा।
यूनिट के हिसाब से बिल जारी होंगे। उपभोक्ता तीर्थ राम निवासी सुभाष नगर और सुदर्शन निवासी कृष्णा नगर ने कहा कि हर माह बिल आना चाहिए। अब चार माह से बिल नहीं आया है। वे दिहाड़ी लगाकर परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं। एक साथ बिल अदा करना मुश्किल होगा। कार्यालय के चक्कर भी काटे मगर बिल जारी नहीं हुआ। अब एप डाउनलोड करने को कह रहे हैं।
क्या है परेशानी
उपभोक्ताओं के अनुसार प्रति माह बजट के हिसाब से एक हजार से 15 सौ के बीच बिल भरना आसान होता है मगर चार माह बाद जब बिल ज्यादा आएगा तो भरना मुश्किल हो जाता है। पहले भी परेशानी आई थी। अब फिर हालात पहले जैसे हो गए हैं।
जरूरी औपचारिकताएं पूरी नहीं होने के कारण बिल जनरेट नहीं हो रहे हैं। रिकाॅर्ड अपलोड किया जा रहा है। बिलों की अदायगी नियमित की जाएगी। बिल जब भी आएगा, एक साथ ही भरना होगा।
- जनक सिंह, एक्सईएन, बिजली कारपोरेशन।