जम्मू कश्मीर में मौसम के लगातार साफ रहने के कारण कई जिलों में तपिश में बढ़ोतरी हुई है। पिछले एक हफ्ते पहले ठंडक का अहसास ले रहे लोगों के अब पसीने छूटना शुरू हो गए हैं। अमूमन ठंडे रहने वाले घाटी के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 12 से 14 डिग्री तक ऊपर चला गया है। रविवार को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कुछ खराब रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है।
विभाग के एक अधिकारी ने कहा, 'हम अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश की उम्मीद कर रहे हैं।' वहीं, जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 20.4, कटरा में 16.8, बटोटे में 12.5, बनिहाल में 8.4 और भद्रवाह में 8.9 दर्ज किया गया। वहीं, श्रीनगर में रविवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में 2.9 डिग्री और गुलमर्ग में 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लद्दाख क्षेत्र की बात करें तो द्रास शहर में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे, लेह में 1.1 डिग्री सेल्सियस और कारगिल में शून्य से 1.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।