जम्मू कश्मीर सेवा चयन बोर्ड द्वारा करवाई जाने वाली भर्ती परीक्षाओं में प्रतीक्षा सूची के प्रावधान की बहाली पर युवा उम्मीदवारों ने खुशी व्यक्त की है। बुधवार को जम्मू शहर के महाराजा हरि सिंह पार्क में जेकेएसएसबी के उम्मीदवारों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया। इस दौरान युवाओं ने एक-दूसरे को मिठाई भी खिलाई।
उम्मीदवारों ने कहा कि इस फैसले से उन युवाओं को लाभ मिलेगा जो मात्र कुछ अंकों से चयन सूची से बाहर हो जाते हैं। जबकि कुछ उम्मीदवार किसी न किसी कारण से उसे पद पर ज्वाइन नहीं करते हैं, जहां उनका चयन होता है। ऐसे में रिक्त पदों पर भर्ती हो सकेगी और अन्य उम्मीदवार को देश की सेवा करने का मौका मिल सकेगा।
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में सरकारी नौकरियों के लिए होने वाली भर्तियों में प्रतीक्षा सूची तैयार करने का प्रावधान बहाल कर दिया है। यह फैसला सोमवार को उप राज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में हुई प्रशासनिक परिषद की बैठक में किया गया।
प्रशासनिक परिषद (एसी) की बैठक में सात सितंबर 2023 के अपने पूर्व के फैसले पर पुनर्विचार को मंजूरी दे दी गई। यह व्यवस्था जम्मू-कश्मीर लोक सेवा आयोग, जम्मू कश्मीर सेवा चयन बोर्ड समेत अन्य सभी भर्तियों में लागू होगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भर्ती एजेंसियों को उन चयनित सूचियों के लिए छह महीने के भीतर प्रतीक्षा सूची तैयार करने के लिए एक बार की छूट दी जाए, जो पूर्ववर्ती निर्णय के बाद जारी की गई हैं।
हालांकि यह इस शर्त के अधीन होगा कि ऐसी प्रतीक्षा सूची चयन सूची की वैधता अवधि के भीतर तैयार की गई है और चयनित उम्मीदवारों के शामिल न होने के कारण रिक्तियों को फिर से विज्ञापित नहीं किया गया है। इस निर्णय से रिक्तियों को समय पर भरने में मदद मिलेगी। साथ ही रिक्तियों को दोबारा रेफर करने में होने वाली देरी से बचने, बाद के चयनों में लगने वाले समय में कमी और उम्मीदवारों को ऊपरी आयु सीमा प्राप्त करने से पहले रोजगार सुरक्षित करने जैसे अतिरिक्त लाभ भी मिलेंगे।