जम्मू संभाग के जिला पुंछ में सुरक्षाबलों ने गुरुवार को एक तलाशी अभियान में मेंढर के नक्का मंजयाड़ी इलाके में आतंकी ठिकाने को ध्वस्त किया है। इस दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। इनमें चार एके 47 की मैगजीन, 52 गोलियां, दो हैंड ग्रेनेड, दो यूबीजीएल ग्रेनेड, पांच बारूदी सुरंगें और एक वायरलेस एंटीना व दूरबीन थी। सुरक्षा बलों ने बारूदी सुरंगों और अन्य विस्फोटकों को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को मेंढर में सेना व पुलिस ने गुरसाई थाने के अंतर्गत कई क्षेत्रों में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। दोपहर बाद नक्का मंजयाड़ी क्षेत्र में एक पुराना आतंकी ठिकाना मिला। सुरक्षा बलों ने इसे ध्वस्त करते गोलाबारूद बरामद किया। हालांकि यह सामान काफी पुराना था। गुरसाई थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।