विहिप के राष्ट्रीय सचिव देवजी भाई रावत ने कहा कि झुग्गी बस्तियों और सुदूर पहाड़ी इलाकों में रहने वाले एससी और एसटी हिंदुओं के उत्थान के लिए कम्प्यूटर और सिलाई कढ़ाई सेंटर विकसित किए जाएंगे।
जम्मू-कश्मीर के एससी-एसटी और आर्थिक रूप से पिछड़े हिंदू परिवारों के सशक्तिकरण के लिए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) समीतियां बनाकर कौशल विकास की ट्रेनिंग देगी। हाल ही में प्रदेश के दो दिवसीय दौरे के दौरान विहिप के राष्ट्रीय सचिव देवजी भाई रावत ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले हिंदुओं के कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण के लिए ग्राम-स्तरीय समीतियां बनाई जाएंगी।
विज्ञापन
विश्व हिंदू परिषद हिंदू समुदाय के कमजोर वर्गों को न्याय और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न सामाजिक जागरूकता अभियानों में लगी हुई है, यह भी उसी का हिस्सा है।
देवजी भाई रावत ने कहा कि झुग्गी बस्तियों और सुदूर पहाड़ी इलाकों में रहने वाले एससी और एसटी हिंदुओं के उत्थान के लिए कम्प्यूटर और सिलाई कढ़ाई सेंटर विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा इस समुदाय के बच्चों के लिए छात्रावास सुविधा के साथ निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इन कार्यक्रमों की निगरानी के लिए प्रत्येक गांव में एक समिति बनाई जाएगी।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि कौशल विकास प्रशिक्षण बेरोजगार और अशिक्षित युवाओं के लिए आयोजित किया जाएगा ताकि वे अपने परिवार के लिए आजीविका कमाने में सक्षम हो सकें। रावत ने कहा कि विहिप हिंदुओं के बीच छुआछूत को खत्म करने के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है और कमजोर वर्गों के साथ डॉ. बीआर अंबेडकर, संत रविदास, महर्षि वाल्मिकी, संत कबीर और रामानुजाचार्य जैसे समाज सुधारकों की जयंती मनाएगी। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के हिंदुओं को राम मंदिर के प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेने का भी निमंत्रण दिया।