कश्मीर में बीएसएफ जवानों के वाहन को निशाना बनाने वाले दो आतंकियों में से एक का खात्मा कर दिया गया है। मारे गए आतंकी की पहचान उस्मान के रूप में हुई है। उसके कब्जे से हथियार व गोला बारूद बरामद हुआ है।
कश्मीर में कुलगाम के मीरपोरा में गुरुवार को बीएसएफ के काफिले पर हमला करने के बाद दो आतंकवादियों ने एक इमारत में शरण ली थी। हमले के बाद जवानों ने मोर्चा संभाला और देर रात एक आतंकी को मार गिराने में सफलता पाई। मारा गया आतंकी लश्कर-ए-तैयबा का था। मारे गए आतंकी के पास से एक एके-47 राइफल, चार मैगजीन, कुछ ग्रेनेड और एक आरपीजी लांचर सेल बरामद किया गया है। जबकि दूसरा आतंकी भाग गया।
विज्ञापन
कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) विजय कुमार ने कहा कि रात भर और तड़के रुक-रुककर गोलाबारी होती रही और एक विदेशी आतंकवादी मारा गया। जिसकी पहचान उस्मान के रूप में हुई है, वह लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था। उन्होंने कहा कि उस्मान स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षाबलों पर एक बड़े हमले की योजना बना रहा था। उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों को काजीगुंड से पंथा चौक सहित राजमार्गों पर संभावित आतंकवादी हमले की सूचना पहले ही मिल चुकी थी।
आईजीपी ने कहा कि यह सतर्कता का ही नतीजा था कि बीएसएफ के काफिले पर हमला करने के बाद आतंकवादियों को पास की एक इमारत में शरण लेने के लिए मजबूर किया गया। आईजीपी ने कहा कि राजमार्ग पर जल्द ही यातायात फिर से शुरू हो जाएगा। बता दें कि दोपहर में आतंकियों ने बीएसएफ के वाहन पर हमला किया था। जिसके बाद से इलाके की घेराबंदी कर दी गई थी और आतंकियों की तलाश में अभियान शुरू कर दिया गया था। इलाके में कई आतंकियों के फंसे होने की संभावना है।